आपसी रंजिश में युवक को मारी गोली, आरोपी फरार गोन्दूडीह ओपी क्षेत्र के धरिया जोबा बस्ती की घटना, खोखा बरामद

आपसी रंजिश में युवक को मारी गोली, आरोपी फरार

गोन्दूडीह ओपी क्षेत्र के धरिया जोबा बस्ती की घटना, खोखा बरामद

डीजे न्यूज, धनबाद: गोन्दूडीह ओपी क्षेत्र के धरिया जोबा बस्ती में शनिवार को आपसी रंजिश में गोली चलने से इलाके में सनसनी फैल गई। भवानी सिंह नामक युवक ने 27 वर्षीय पिंटू पासवान पर पिस्टल से गोली चला दी। गोली पिंटू की जांघ में लगी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा है। वहीं, वारदात के बाद आरोपी भवानी सिंह मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि भवानी सिंह की साली को लेकर भवानी सिंह और पिंटू पासवान के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान भवानी सिंह ने पिस्टल निकालकर पिंटू पासवान पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। जिसमे से एक गोली पिंटू पासवान के जांघ में जा लगी।

गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गोन्दूडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिंटू पासवान को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है।

मामले की जांच के लिए गोन्दूडीह ओपी प्रभारी लव कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर भवानी सिंह ने पिंटू पासवान की जांघ पर पिस्टल से गोली दाग दी। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गोलीबारी की पूरी वजह और घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top