विधायक राज ने विद्यालय एवं शौचालय निर्माण कार्यों का किया शिलान्यास

विधायक राज ने विद्यालय एवं शौचालय निर्माण कार्यों का किया शिलान्यास

 

डीजे न्यूज, धनबाद:
झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद के  विधायक राज सिन्हा ने शुक्रवार को धनबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विद्यालय भवन एवं शौचालय निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

इन सात स्थानों पर हुआ शिलान्यास

पार्क मार्केट, हीरापुर – शौचालय निर्माण कार्य।
सदर अस्पताल के पास – विद्यालय निर्माण कार्य।
सीसीडब्ल्यूओ, सरायढेला – विद्यालय निर्माण कार्य।
मिडिल स्कूल, धैया – विद्यालय निर्माण कार्य।
मिडिल स्कूल, भूली डी-ब्लॉक – विद्यालय निर्माण कार्य।
उर्दू स्कूल, वासेपुर – विद्यालय निर्माण कार्य।
मटकुरिया अपग्रेड आदिवासी विद्यालय – विद्यालय निर्माण कार्य।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद का विकास केवल सड़कों और भवनों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी प्राथमिकता ऐसी सुविधाओं का विस्तार करना है, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों, विद्यार्थियों, माताओं-बहनों और आने वाली पीढ़ियों को मिले।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई करने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों और भविष्य की नींव होते हैं। इसलिए विद्यालयों में बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। वहीं, सार्वजनिक स्थलों पर शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का निर्माण आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं के सम्मान, सुविधा और स्वच्छता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
उन्होंने आगे कहा जनता की समस्याओं को सुनना, उनके बीच रहना और विकास कार्यों को धरातल पर उतारना ही उनकी राजनीति का मूल उद्देश्य है।
विधायक ने कहा, “मैं धनबाद की जनता को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी। धनबाद की जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है और इस विश्वास को कभी टूटने नहीं दूंगा।”
उन्होंने सभी स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि विकास कार्यों में अपनी सहभागिता निभाएं, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता पर नजर रखें तथा किसी भी समस्या या सुझाव से उन्हें अवगत कराएं, ताकि जनसहभागिता के माध्यम से धनबाद को और बेहतर बनाया जा सके।
अंत में विधायक राज सिन्हा ने इन विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग देने वाले सभी संबंधित विभागों, अधिकारियों, स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top