टुंडी के मधुरसा गांव में दो पक्षों में खूनी झड़प, कुल्हाड़ी-डंडे से मारपीट में कई घायल, दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुरसा गांव में गुरुवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
एक पक्ष की ललिता देवी ने थाने में आवेदन देकर जागो मंडल, कंचन देवी, टेकलाल मंडल, सरिता देवी, शंकर मंडल, प्रियंका देवी पर जान मारने की नीयत से कुल्हाड़ी एवं डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस क्रम में कुल्हाड़ी से चोट लगने से ललिता देवी के माथे में गंभीर चोट लगी है। इस संबंध में ललिता देवी ने टुंडी थाने में आवेदन देकर परिवार के कई सदस्यों के साथ मारपीट कर बुरी तरह घायल करने एवं छेड़खानी व दुराचार का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
जबकि दूसरे पक्ष की प्रियंका देवी ने भी डालू मंडल एवं अन्य लोगों पर मारपीट कर उसका हाथ तोड़ देने एवं दुराचार का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी उमाशंकर ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मिली है, जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।