सड़क विस्तार के लिए चला प्रशासन का बुलडोजर, मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले के करहरबरी पंचायत अंतर्गत ग्राम नरेंद्रपुर टोला मकपिट्टो में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क की निर्धारित सीमा में आने वाले बाउंड्री व अन्य निर्माणों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में विनोद कुमार सिंह तथा पचंबा थाना की पुलिस टीम मौजूद रही। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।
हालांकि, कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें अब तक मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया है, जबकि उनकी निजी बाउंड्री को तोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने मांग की कि मुआवजा राशि का भुगतान किए बिना किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।
इस संबंध में मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह ने बताया कि कुछ प्रभावित लोगों द्वारा आवश्यक दस्तावेज और रसीदें जमा नहीं की गई हैं, जिसके कारण उनका मुआवजा भुगतान लंबित है। उन्होंने कहा कि संबंधित कागजात उपलब्ध होते ही नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
प्रशासन ने प्रभावित लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आवश्यक दस्तावेज शीघ्र जमा करें, ताकि सड़क चौड़ीकरण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।