झरिया व आसपास की खबरें:-

झरिया व आसपास की खबरें:-

भागा रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर की मांग तेज, सांसद प्रतिनिधि ने डीआरएम को लिखा पत्र

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): फुसबगला-जामाडोबा मुख्य मार्ग पर स्थित भागा रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग ने जोर पकड़ने लगा है। जनहित से जुड़े इस समस्या के निदान को लेकर धनबाद सांसद के प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी ने आद्रा रेल मंडल के डीआरएम को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने भागा रेलवे फाटक पर आए दिन लगने वाले जाम और इससे आम लोगों को होने वाली परेशानी की ओर रेल प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया है।

उन्होंने कहा कि फाटक बंद रहने के कारण फुसबगला, जामाडोबा, भागा, भौंरा समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। रेलवे फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने जनहित को देखते हुए भागा रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल करने की मांग की है।
———————————————-

संत जेवियर स्कूल के बच्चों ने दिखाई वाकपटुता

झरिया: संत जेवियर स्कूल, शालीमार में सोमवार को कक्षा छह से दसवीं तक के विद्यार्थियों के बीच एक्सटेंपोर (आशु) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वाकपटुता की कला को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनके संवाद कौशल और त्वरित सोचने की क्षमता को विकसित करना था।
प्रतियोगिता को दो समूहों में बांटा गया था। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को ग्रुप-ए तथा कक्षा नौ और दस के विद्यार्थियों को ग्रुप-बी में रखा गया। प्रतियोगिता हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में आयोजित की गई। विद्यार्थियों को विभिन्न समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर तत्काल अपनी बात रखने का अवसर दिया गया।
प्रतियोगिता में युवाओं के लिए रोजगार की कमी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के फायदे और नुकसान तथा बाल विवाह जैसे विषय शामिल रहे। विद्यार्थियों ने इन विषयों पर आत्मविश्वास और कुशलता के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए।
अंग्रेजी एक्सटेंपोर प्रतियोगिता के ग्रुप-ए में नंदनी कुमारी, निधि राज रंजन और सोनम विश्वकर्मा विजेता घोषित हुईं। वहीं ग्रुप-बी में रुखसार प्रवीण, अधीर कुमारी और इरशाद ने सफलता हासिल की।
हिंदी एक्सटेंपोर प्रतियोगिता के ग्रुप-ए में रानी कुमारी, राशि कुमारी, अंजलि और सुरभि विजेता रहीं। जबकि ग्रुप-बी में श्रेया सिंह, सिद्धि गुप्ता और दिव्या भारती विजेता घोषित हुईं।
विद्यालय की ओर से बताया गया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में मंच पर अपनी बात रखने का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनके व्यक्तित्व विकास में भी मदद मिलती है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top