कैंडल की रोशनी से गूंजा शांति का संदेश, छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली
शांति की शुरुआत दुनिया से नहीं, हमसे होती है।”
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विश्व शांति दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की ओर से सोमवार को शहर के दो विद्यालयों में शांति, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
सुबह कार्मेल स्कूल में करीब दो हजार विद्यार्थियों के बीच क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला ने विश्व शांति का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने शांति, प्रेम और भाईचारे से जुड़े संदेश लिखे प्लेकार्ड लेकर कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान बच्चों ने एक-दूसरे की कैंडल से कैंडल जलाकर शांति की ज्योत आगे बढ़ाई। विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर ट्रेसिल्डा ने भी प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
इसके बाद पचंबा गर्ल्स हाई स्कूल में करीब 800 छात्राओं के बीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने बैनर और प्लेकार्ड के साथ शांति रैली निकाली। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर पचंबा की गलियों और विभिन्न मोहल्लों तक पहुंची। इस दौरान छात्राओं ने लोगों को शांति, सद्भाव और भाईचारे के प्रति जागरूक किया।
रैली में “शांति की शुरुआत हमसे होती है”, “सभी धर्म एक हैं”, “प्रेम और सद्भाव अपनाएं” तथा “हिंसा छोड़ें, शांति जोड़ें” जैसे संदेशों वाले प्लेकार्ड आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में कैंडल जलाकर शांति गीत और प्रार्थना की गई। वहीं “सभी धर्म एक हैं” विषय पर लघु नाटक भी प्रस्तुत किया गया। भाषण, पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला ने कहा कि विश्व शांति की शुरुआत स्वयं, परिवार, विद्यालय और समाज से होती है। उन्होंने प्रेम, सहिष्णुता और संवाद को अपनाने की अपील की।
एडिटर शमा प्रवीण ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि क्लब की सदस्यों ने विद्यालय में सुंदर और व्यापक कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को शांति का संदेश दिया। उन्होंने इसके लिए क्लब की पूरी टीम को धन्यवाद दिया। कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एडिटर शमा प्रवीण, सेक्रेटरी संगीता सिन्हा, आईपीपी कविता राजगढ़िया, एग्जीक्यूटिव मेंबर तनुजा भूषण एवं तनुजा सहाय, मेंबर सुधा श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं का सहयोग रहा।
कार्यक्रम का संदेश रहा— “शांति की शुरुआत दुनिया से नहीं, हमसे होती है।”