करम महोत्सव में झारखंडी संस्कृति के रंग में रंगा सबराजपुर, सुरेश साव ने बांटी साड़ियां

करम महोत्सव में झारखंडी संस्कृति के रंग में रंगा सबराजपुर, सुरेश साव ने बांटी साड़ियां

डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह : विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत बदगांवा पंचायत के गम्हरा गांव स्थित सबराजपुर टोला में सोमवार को आदिवासी समाज की महिलाओं की ओर से करम महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा गिरिडीह विधानसभा के नेता सुरेश साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने करम पर्व मना रहीं महिलाओं के बीच आशीर्वाद स्वरूप साड़ियों का वितरण किया।

इस अवसर पर सुरेश साव ने कहा कि करम महोत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, मिट्टी से जुड़ाव, सामाजिक एकता और झारखंडी अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोकभाषा, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक वेशभूषा और पर्व-त्योहार हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

महोत्सव के दौरान मांदर की थाप और पारंपरिक झुमर की लय पर बच्चे, युवा, कलाकार और महिलाएं जमकर थिरके। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से पूरा परिसर झारखंडी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।

सुरेश साव ने कहा कि समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर झारखंडी रीति, नीति और गीत को संरक्षित करने की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने करम देव से समाज और प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि, भाईचारे और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में बदगांवा की मुखिया कंचन मीरा देवी, घनश्याम महतो, नीरू लाल हेम्ब्रम, गोविंदा हेम्ब्रम, बुधन हेम्ब्रम, अंबुज मोदक, सुनील बेसरा, नूनी लाल देवी, शेखर हेम्ब्रम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top