बेपटरी हो गई हेमंत सरकार : बाबूलाल 

बेपटरी हो गई हेमंत सरकार : बाबूलाल 

नेता प्रतिपक्ष ने अपने पैतृक गांव से झामुमो सरकार पर बोला हमला 

डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : सूबे के पूर्व मुख्य मंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य के मौजूदा हेमंत सोरेन की सरकार बेपटरी हो गई है। पूरे राज्य में हत्या और अपराधों में काफी इजाफा हुआ है जबकि भ्रष्टाचार सिर चढ़ कर बोल रहा है। थाना हो या अंचल व प्रखंड कार्यालय हो कहीं भी बगैर चढ़ावे का कोई काम नहीं होता है। यह मामला पूरे राज्य का है। बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को तिसरी के दलपतडीह गांव भाजपा कार्यकर्ता मिलन समारोह को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में विकास कार्य थम गया है। जो सड़क भाजपा की सरकार में बनी थी उसकी मरम्मत भी नहीं कराई जा रही है। उन्होंने अपने मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में न सिर्फ तिसरी बल्कि पूरे क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांवों में भी सड़क, पुल, पुलिया आदि विकास कार्यों की लंबी लकीर खींचने का काम किया गया था। सड़क बनाकर अति पिछड़े गांवों को भी प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने का काम किया गया था। बावजूद कुछ गांवों में सड़क नहीं बन पाई थी जिसका उन्हें भारी मलाल था। अब उनके प्रयास से वंचित गांवों में भी सड़क बनवाने का काम किया जा रहा है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उन्होंने सरकार से लड़कर चंदवापहाड़ी-रिझनी कर्णपुरा रोड सहित तिसरी में एक दर्जन से अधिक सड़कों को पास करवाकर टेंडर करवाने का काम किया है। जिसके कारण इन गांवों में भी सड़क बनवाने का काम किया जा रहा है। अब ग्रामीणों का दुख तो दूर होगा ही साथ ही इन गांवों में भी अब गाडियां सरपट दौड़ेगी। उन्होंने कहा कि लोगों ने आगामी विधान सभा चुनाव में पूरा साथ दिया और राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो क्षेत्र के सभी गांवों में सड़क और पुलों का जाल बिछाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तिसरी जिले का काफी पिछड़ा प्रखण्ड के रूप में जाना जाता था। इसकी पहचान तिसरी दुनियां के रूप में थी। प्रखण्ड के किसी भी गांव में सड़क नही थीं। लोग पगडंडी से पैदल आना जाना करते थे। लेकिन उन्होंने तिसरी प्रखण्ड के सभी गांवों में विकास की लम्बी लकीर खींचकर प्रखण्ड मुख्यालय से जोड़ने का काम किया है। जिन गांवों में पेयजल की व्यवस्था नहीं थी। वहां पानी की समुचित व्यवस्था कराने का काम किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में अपराधियों का फसल काफी लहलहा रही है। आए दिन हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है और सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। जब तक राज्य में भाजपा की सरकार नही बनेगी, तब तक राज्य और राज्य के लोगों की भलाई नही हो सकती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता तिसरी मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने की जबकि संचालन चंदौरी मंडल अध्यक्ष सुनील साव ने किया।

माले को छोड़कर भाजपा का थामा दामन

पूर्व मुख्य मंत्री बाबूलाल मरांडी के समक्ष प्रकाश यादव और छोटू यादव के नेतृत्व में खटपोक पंचायत के 30 से अधिक लोगों ने माले को अलविदा कह कर भाजपा का दामन थामा है। इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने भाजपा में शामिल होने पर प्रकाश यादव व छोटू यादव सहित अन्य सभी लोगों को माला पहना कर व गमछा ओढ़ा कर स्वागत किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक उपाध्याय, जिला मंत्री मनोज यादव, रामचंद्र ठाकुर, अजय रंजन, उदय साव, माला सिन्हा, मुखिया जानकी यादव, सुबोध राय, राजेंद्र उर्फ राजू यादव, मोहन बरनवाल, नरेश यादव, सोनू हेंब्रम, कन्हैया सिंह, नितेश यादव, मो इलियास, केडी यादव, अनिल साव, संतोष सिंह, कपिल यादव, सुनील यादव, प्रमोद यादव अादि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top