स्वास्थ्य सेवाओं में कमी बर्दाश्त नहीं, तय समय में पूरा करें कार्य: उपायुक्त

Advertisements

स्वास्थ्य सेवाओं में कमी बर्दाश्त नहीं, तय समय में पूरा करें कार्य: उपायुक्त

डीजे न्यूज, गिरिडीह : समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM ABHIM) योजना, रक्त केंद्र सदर अस्पताल गिरिडीह के संचालन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा, “जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी योजनाओं के कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।”

उन्होंने PM ABHIM योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल बताया और इसके क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

रक्त केंद्र सदर अस्पताल की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा, “रक्त की उपलब्धता आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षक होती है, इसलिए रक्त केंद्र को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए।” उन्होंने नियमित रक्तदान शिविरों के आयोजन पर भी जोर दिया।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।” सहिया कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक सहिया अपने क्षेत्र में हर माह कम से कम एक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करें, अन्यथा लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं, डॉक्टरों एवं स्टाफ की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर और सम्मानजनक सेवा देने के निर्देश दिए।

साथ ही टीकाकरण, पोषण अभियान एवं अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए उपायुक्त ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

बैठक में सिविल सर्जन, उप नगर आयुक्त, अस्पताल उपाधीक्षक, जिला आरसीएच पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top