अवैध क्लीनिकों पर सख्ती, छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश
लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह लगेगा अंकुश : उपायुक्त
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने सोमवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में PC & PNDT Act के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी, PC & PNDT के सदस्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों, पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत निबंधित क्लीनिकों, पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन, नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के लिए प्राप्त आवेदनों एवं उनके नवीनीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने अनाधिकृत रूप से बिना लाइसेंस संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश देते हुए छापेमारी दल का गठन कर व्यापक अभियान चलाने को कहा।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्पष्ट कहा, “लिंग चयन एवं भ्रूण लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
उन्होंने नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के लिए प्राप्त आवेदनों के सत्यापन हेतु संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देशित किया। साथ ही प्रखंड एवं जिला स्तर पर जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नियमित निरीक्षण, पंजीकरण एवं अभिलेखों के संधारण की समीक्षा करते हुए कहा, “किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह अधिनियम बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा और समाज में लैंगिक संतुलन बनाए रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।