9-10 अगस्त को नगर भवन में दिखेगी आदिवासी परंपरा और विरासत की झलक

9-10 अगस्त को नगर भवन में दिखेगी आदिवासी परंपरा और विरासत की झलक

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह में 9 एवं 10 अगस्त को आयोजित होने वाले दो दिवसीय आदिवासी महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त ने कहा कि आदिवासी महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता से परिपूर्ण हो।

उन्होंने बताया कि नगर भवन में आयोजित महोत्सव में आदिवासी पारंपरिक नृत्य-संगीत, नाट्य मंचन, लोक कला प्रदर्शनी, पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट और फूड स्टॉल लोगों के लिए विशेष आकर्षण होंगे। महोत्सव स्थल को भी आदिवासी संस्कृति और परंपरा की झलकियों से सजाया जाएगा।

समीक्षा बैठक में नगर निगम को जिले में स्थापित आदिवासी महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी जनप्रतिनिधियों को समय पर आमंत्रण पत्र उपलब्ध कराने और आयोजन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध ढंग से पूरी करने पर जोर दिया गया।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह महोत्सव जिले की समृद्ध आदिवासी विरासत को नई पहचान देने का अवसर है। बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top