उप विकास आयुक्त ने किया जेआरडीए की भूमि का स्थलीय निरीक्षण
सभी भूखंडों के शत-प्रतिशत सत्यापन के दिए निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने गुरुवार को झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) के अधीन विभिन्न क्षेत्रों में स्थित भू-संपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पुनर्वास योजनाओं की प्रगति और भूमि प्रबंधन को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए।
उप विकास आयुक्त ने जेआरडीए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाली सभी भूमियों का अविलंब राजस्व अभिलेखों से मिलान कर भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिन्हित भूखंडों की सुरक्षा की स्थिति का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि पुनर्वास हेतु आरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि से जुड़ी सभी प्रशासनिक औपचारिकताओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करें, ताकि अग्नि व भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों से लोगों के सुरक्षित पुनर्वास की प्रक्रिया निर्बाध गति से आगे बढ़ सके।
निरीक्षण के दौरान झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन के संबंधित पदाधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।