स्थापना दिवस पर गिरिडीह में दिखेगा उत्सव का रंग, स्वच्छता दौड़ से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक होंगे आयोजन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड राज्य स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए गिरिडीह जिले में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 नवंबर को स्वच्छता के संदेश के साथ ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ दौड़ का आयोजन होगा। इसके बाद 17 से 25 नवंबर तक जिले में खेलकूद, सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को मंच दिया जाएगा। वहीं, 26 से 28 नवंबर तक रांची के खेलगांव में राज्य स्तरीय मेला-सह-प्रदर्शनी आयोजित होगी।
इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर और बेहतर समन्वय के साथ आयोजित किए जाएं।
बड़ा चौक से शास्त्री नगर तक दौड़ेंगे लोग
15 नवंबर को सुबह सात से आठ बजे तक जिला मुख्यालय में बड़ा चौक से शास्त्री नगर तक करीब एक किलोमीटर की ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ दौड़ आयोजित होगी। प्रखंड और पंचायत स्तर पर भी चयनित स्थलों से दौड़ निकाली जाएगी। इस दौरान स्वच्छता संबंधी गतिविधियां भी संचालित होंगी। अभियान के जरिए स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और ‘स्वच्छ झारखंड, विकसित झारखंड’ का संदेश देने की योजना है।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा राज्य स्तर पर प्रदर्शन का मौका
17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं के अलावा नाटक, नृत्य, संगीत और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। 28 नवंबर को मुख्य समारोह में विजेता प्रतिभागियों और टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।
जिले के उत्पादों और उपलब्धियों की होगी प्रदर्शनी
रांची के खेलगांव में 26 से 28 नवंबर तक लगने वाली मेला-सह-प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनोपयोगी सेवाओं, नई तकनीकों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रत्येक जिले का एक स्टॉल होगा। इसमें गिरिडीह के प्रमुख उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट, वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन और वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी के तहत प्रदर्शित किया जाएगा।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि स्थापना दिवस के आयोजन जनभागीदारी, स्वच्छता जागरूकता और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का माध्यम बनने चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में डीडीसी स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।