डीसी-एसएसपी ने किया पम्पू तालाब छठ घाट का निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर शुक्रवार को डीसी आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से पम्पू तालाब छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने घाट पर चल रही तैयारियों, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और व्रतियों की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को घाट परिसर और आसपास के संपर्क पथों की समुचित साफ-सफाई, समतलीकरण तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था समय से पूर्व सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने तालाब में गहरे पानी वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर मजबूत बैरिकेडिंग करने, खतरे के निशान लगाने तथा गोताखोरों की टीम की प्रतिनियुक्ति करने का आदेश दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने छठ घाट और आसपास के इलाकों में विधि-व्यवस्था व यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अर्घ्य के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए वाहनों की पार्किंग हेतु निर्धारित स्थलों को चिन्हित करने और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए लगातार गश्ती करने की बात कही गई।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से भी प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की, ताकि श्रद्धालु पूरे उत्साह व सुरक्षित माहौल में छठ महापर्व मना सकें। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।