भाकपा माले के हलधर ने लिया गोफस्थल का जायजा
बीसीसीएल प्रबंधन की मिलीभगत से कोयला खनन का लगाया आरोप
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): भाकपा-माले पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो गुरुवार को रामकनाली ओ.पी अंतर्गत केशलपुर पहुंचे। यहां मनोज सिंह के आवास के बाहर बुधवार को हुए गोफस्थल का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि केशलपुर मोदक टोला में भी भू-धंसान का खतरा मंडरा रहा है। क्वार्टर में रहने वाले मजदूर भयभीत हैं। बीसीसीएल प्रबंधन की मिलीभगत से अवैध कोयला खनन किया जा रहा है। माफियाओं का मनोबल ऊंचा हो गया है। पंचायत की मुखिया ने बीसीसीएल प्रबंधन को पत्र देकर खनन की जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाकपा-माले इस मुद्दे को लेकर शहीद भगत सिंह जयंती पर, 27 सितंबर को भगतसिंह चौक कतरास में श्रद्धांजलि देकर भू-धंसान,बालू घोटाला और कोयला घोटाला की जांच की मांग को लेकर आंदोलन करने की घोषणा की जाएगी।