एसपी ने किया विभिन्न घाटों का निरीक्षण, सीसीटीवी और सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती का भरोसा

एसपी ने किया विभिन्न घाटों का निरीक्षण, सीसीटीवी और सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती का भरोसा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में एसपी डॉ. विमल कुमार ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। लेकिन निरीक्षण के दौरान घाटों पर फैली गंदगी और गंदे पानी की समस्या ने नगर निगम की तैयारियों की हकीकत भी सामने ला दी। कई घाटों पर अब तक सफाई कार्य पूरा नहीं हो सका है। इससे पूजा समितियों में नाराजगी है।

एसपी ने पचंबा के बुढ़वा आहार और सोना आहार के अलावा शास्त्री नगर, सिहोडीह, अरगाघाट, चिरैयाघाट स्थित शिवशक्ति छठ घाट तथा दीनदयाल घाट समेत कई छठ घाटों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक सुझाव दिए। कुछ घाटों पर सामाजिक संस्थाओं और सलूजा गोल्ड ग्रुप के सहयोग से सफाई एवं सजावट का काम तेजी से चल रहा था। वहीं, अधिकांश घाटों पर गंदगी और गंदे पानी की समस्या बनी हुई थी।

पूजा समितियों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से सफाईकर्मियों की व्यवस्था काफी देर से की गई। इसके कारण अंतिम समय में घाटों की सफाई पूरी करना मुश्किल हो रहा है। छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व को देखते हुए समितियों ने निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

घाटों पर सादे लिबास में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

निरीक्षण के बाद एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि छठ पर्व के दौरान सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति में पुलिस को सूचना देने के लिए संपर्क नंबर वाले होर्डिंग भी लगाए जाएंगे। छिनतई जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार भी मौजूद थे। पुलिस प्रशासन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने की तैयारी में जुटा है, लेकिन घाटों की बदहाल सफाई व्यवस्था और गंदे पानी की समस्या नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top