राजगंज में पेड़ की टहनी से लटका मिला नाबालिग का शव, रविवार से लापता था

राजगंज में पेड़ की टहनी से लटका मिला नाबालिग का शव, रविवार से लापता था

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर पंचायत अंतर्गत महतोटांड़ के जंगल में गुरुवार को पेड़ की टहनी से 17 वर्षीय नाबालिग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जरमुनाई मरचकोचा निवासी कृष्णा टुडू के रूप में हुई है। वह रविवार से अपने घर से लापता था। शव मिलने की जानकारी पाकर ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। मृतक के परिजन भी वहां पहुंचे। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तहकीकात की। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कागजी कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।
मृतक के परिजनों के मुताबिक लापता होने के बाद से ही कृष्णा को ढूंढा जा रहा था। इसकी जानकारी अन्य लोगों को भी दी गई, लेकिन किसी ने भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया।  साथ ही पुलिस के पास भी जाने से मना कर दिया। मृतक कृष्णा टुडू राजगंज इंटर कॉलेज में इंटर आर्ट्स का छात्र था और अपने माता-पिता और तीन बहनों में एकमात्र सहारा था। मृतक के पिता राजू टुडू ने गांव के ही एक परिवार पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगा रहे थे। पिता ने बताया कि उक्त परिवार ने कृष्णा को संभाल‌ लेने की नसीहत शनिवार को दी थी। ऎसा नहीं करने पर बुरा परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। उक्त परिवार ने जबरन कृष्णा का मोबाइल नंबर भी ले गया था। इधर गांव वाले मृतक को बेहद ही शांत स्वभाव के बता रहे थे।
बेटे की मौत पर पिता राजू टुडू, माँ शांति देवी, और तीनों बहनें पूजा, प्रिया और गीता का रो- रो कर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी संजीव कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या मामला सुसाइड का ही लग रहा है।  पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामला स्पट हो पायेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top