टाटा मलकेरा में मां काली की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा संपन्न
आस्था, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का हुआ संचार
डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): कतरास के टाटा मलकेरा का माहौल शुक्रवार को भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मौका था काली मंदिर में मां की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान का। सुबह को मंदिर परिसर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल श्रद्धालु इलाके का भ्रमण करते हुए चैतुडीह स्थित छठ घाट पहुंचे। यहां पंडितों की टोली ने वेद मंत्रोच्चार और विधि विधान के साथ पूजन किया। इसके बाद श्रद्धालु वापस मंदिर परिसर पहुंचे। हवन-पूजन के बाद विधिवत मां काली की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
पूजनोत्सव के दौरान इलाके का माहौल भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं में आस्था, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। चारों दिशाओं में गूंज रही वेद मंत्रोच्चार ने भक्तों को आध्यात्मिक शांति और जुड़ाव का एहसास कराया। पूजन में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी और हवन, पाठ में भाग लिया। धार्मिक उदघोष से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा। शाम को आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पंडित सुकुमार बनर्जी, ओमियो चक्रवर्ती, वीरेंद्र पांडेय ने पूजन संपन्न कराया।
टाटा भेलाटांड़ कोलियरी शाखा के पूर्व राकोमयू सचिव भजोहरि राय की अगुवाई में समाज के हर तबके के लोग धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
शोभा यात्रा में जिप प्रतिनिधि जितेश रजवार, सिनीडीह मंडल के भाजपा अध्यक्ष सोनू श्रीवास्त, कुंदल पासवान, उज्ज्वल चटर्जी, रामपुकार, अजय साहनी, मुकेश कुमार साव, मुखिया अंजना देवी, मुखिया विनोद रजक, रवींद्र साव, दीपक चौधरी, राजेश पासवान, रूपेश ठाकुर, नारायण रविदास, लक्ष्मण हजाम, बाबूचंद दास, राजकुमार राम, अशोक पासवान आदि थे।