बिजली कटौती से बेहाल जनता, भाजपा ने सब स्टेशन पर किया जोरदार प्रदर्शन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गर्मी की दस्तक के साथ ही जिले में बिजली आपूर्ति में कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उमस भरी गर्मी में लगातार बिजली बाधित रहने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले डांडीडीह स्थित पावर सब स्टेशन का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अभी गर्मी की शुरुआत ही हुई है और बिजली की कटौती शुरू हो गई है, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति और भी खराब हो सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि एक तरफ बिजली आपूर्ति बाधित है, वहीं दूसरी ओर बिजली बिल में बढ़ोतरी कर आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। इस समस्या को लेकर भाजपा की ओर से एक दिवसीय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मौके पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, सिकंदर हेम्ब्रम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी, यदुनंदन पाठक समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।