यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था का किया गया निरीक्षण
डीजे न्यूज, धनबाद: वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, धनबाद मनीष सौरभ ने शनिवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यात्री प्रतीक्षालय एवं प्लेटफॉर्मों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, ATVM की कार्यशीलता तथा गाड़ी संख्या 13151 के शौचालयों की स्थिति का जायजा लिया गया।
उन्होंने धनबाद पार्सल कार्यालय में बुक एवं अनलोड की गई मोटरसाइकिलों के पेट्रोल टैंक की जांच की। साथ ही, बुक एवं अनलोड किए गए पार्सल, यात्री सामान एवं लगेज की भी जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनमें ज्वलनशील पदार्थ, पटाखे अथवा अन्य कोई प्रतिबंधित वस्तु न हो।
प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन में उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों की स्थिति एवं उनकी वैधता (Expiry Date) की भी जांच की गई। इसके साथ ही यात्रियों के सामान की जांच कर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी यात्री अपने लगेज में ज्वलनशील पदार्थ, पटाखे अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर यात्रा न कर रहा हो।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा रेल परिसर एवं ट्रेनों में किसी भी प्रकार की आगजनी अथवा अप्रिय घटना की संभावना को रोकना था।