विपत्र निकासी में पारदर्शिता अनिवार्य, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा 

Advertisements

विपत्र निकासी में पारदर्शिता अनिवार्य, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा 

डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों (DDO) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विपत्रों की निकासी से पूर्व आवश्यक सावधानी और वित्तीय नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करना था।

बैठक में जिला, प्रखंड एवं पुलिस विभाग के सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को क्रमवार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी विपत्र की निकासी से पूर्व उसकी सूक्ष्म जांच अनिवार्य है, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियात्मक त्रुटि न हो। उन्होंने वित्तीय नियमावली का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने और पूरी पारदर्शिता के साथ समयबद्ध कार्य निष्पादन पर जोर दिया। उपायुक्त ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि विपत्रों की निकासी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या त्रुटि पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी और उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने ऑनलाइन भुगतान एवं पीएफएमएस पोर्टल के उपयोग के दौरान डिजिटल सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि OTP (वन टाइम पासवर्ड) किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा न किया जाए और डिजिटल लेनदेन में पूरी सतर्कता बरती जाए।

बैठक में कर्मचारियों के समय पर वेतन भुगतान एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन, ग्रेच्युटी आदि से जुड़े लंबित दावों के निष्पादन में भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने पर बल दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सौरभ, जिला वन पदाधिकारी अभिषेक भूषण, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा सहित अनुमंडल पदाधिकारी देवघर श्री रवि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, जिला कोषागार पदाधिकारी, डीएसपी सीसीआर, संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top