ससुराल घूमने आए फूफा के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था भतीजा, रफ्तार के कहर ने छीनी जिंदगी, जिंदगी-मौत से जूझ रहे फूफा

ससुराल घूमने आए फूफा के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था भतीजा, रफ्तार के कहर ने छीनी जिंदगी, जिंदगी-मौत से जूझ रहे फूफा
डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी-बरहमसिया मार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मॉर्निंग वॉक पर निकले फूफा-भतीजे को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में भतीजे करण तुरी की मौत हो गई, जबकि फूफा लाटो तुरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बिहार के बिसौली निवासी लाटो तुरी अपने ससुराल चंदौरी आए हुए थे। सोमवार सुबह वे अपने भतीजे करण तुरी के साथ टहलने निकले थे। इसी दौरान बरहमसिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि करण तुरी उछलकर बिजली के खंभे से जा टकराए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया। गिरिडीह ले जाने के दौरान करण तुरी ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश में जुटी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top