बालू माफिया और थाना प्रभारी की साठगांठ से लूट! विधायक अरूप चटर्जी ने पूर्वी टुंडी थाना घेरा, बोले- गरीब का बालू लूटने नहीं देंगे, वसूली बंद नहीं हुई तो व्यवस्था ठप कर देंगे
संजीत तिवारी, टुंडी (धनबाद) : बालू लदे वाहनों से जबरन अवैध वसूली के खिलाफ निरसा विधायक अरूप चटर्जी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रविवार दोपहर करीब दो बजे पूर्वी टुंडी थाना गेट के समक्ष जोरदार धरना प्रदर्शन कर थाना का घेराव किया।
विधायक का सीधा आरोप था कि पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी के संरक्षण में बालू माफियाओं से साठगांठ कर बालू के अवैध कारोबार में जबरन अवैध वसूली की जा रही है।
गरीब को नहीं मिल रहा बालू, माफिया मालामाल
विधायक ने कहा कि बराकर नदी पर निरसा विधानसभा क्षेत्र स्थित पाण्ड्रा-बेजरा, मुरालडीह, पोलकेरा, सिजुआ आदि बालू घाटों से अवैध रूप से बालू का उत्खनन किया जाता है एवं पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र से होकर उसे विभिन्न क्षेत्रों में ऊंचे दामों में बेचा जाता है। जबकि उनके विधानसभा क्षेत्र के गरीब लोगों को सरकार द्वारा दिए गए आवास निर्माण योजना तक के लिए बालू ऊंचे दामों में खरीदना पड़ता है।
बालू माफिया एवं पूर्वी टुंडी पुलिस प्रशासन की सिंडिकेट की मिलीभगत से बालू लदे वाहनों को निरसा की ओर जाने ही नहीं दिया जाता है। यहां तक कि पंचायत के मुखिया द्वारा दिया गया वैध चालान रहने के बावजूद बालू माफिया एवं पूर्वी टुंडी पुलिस के गुर्गों द्वारा प्रति ट्रैक्टर 350 से 1500 रुपया तक वसूला जाता है। बड़े वाहनों से तो उनकी लोडिंग क्षमता के अनुसार 7000 से 15000 रुपया तक वसूली जाती है। बिहार एवं बंगाल जाने वाले बड़े-बड़े हाइवा वाहनों से 22000 से 27000 रुपया तक वसूली जाती है।
वसूली में थाना प्रभारी के रिश्तेदार तक शामिल : विधायक का आरोप
विधायक ने आरोप लगाया कि इस वसूली अभियान में बालू सिंडिकेट के गुर्गे सहित पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी के एक रिश्तेदार भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, हमारे विधानसभा क्षेत्र से ही बालू उठाते हैं और हमारे क्षेत्र के गरीब लोगों को ही सरकारी आवास निर्माण के लिए भी बालू नहीं मिलेगा, ऐसा नहीं चलने दिया जाएगा।
स्टॉक यार्ड के नाम पर फर्जी खेल
विधायक ने कहा कि स्टॉक यार्ड के नाम पर भी भारी घालमेल हो रहा है। यहां के बराकर नदी से बालू का अवैध उत्खनन कर स्टॉक यार्ड में जमा किया जाता है और बिहार की नदियों से बालू आवक का फर्जी खेल खेला जाता है। इस खेल में छुटभैये लोगों से लेकर जिले के बड़े अधिकारियों तक की मिलीभगत है। इस खेल से सरकारी राजस्व की भी हानि हो रही है।
विधायक की चेतावनी- व्यवस्था ठप कर देंगे
विधायक चटर्जी ने जिम्मेदार लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध वसूली बंद हो एवं स्थानीय लोगों को सस्ते दर पर बालू मिले। यदि इस व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बहुत जल्द बड़ा आंदोलन किया जाएगा एवं पूरे व्यवस्था को ठप कर दिया जाएगा।
धरना प्रदर्शन के दौरान सिकंदर अंसारी, सद्दाम अंसारी, धीरज कुमार शर्मा, संतोष विश्वकर्मा, अनुज सिंह, सुजीत मिश्रा (बाबा), बड्डू चंद्रवंशी, वशीर अंसारी, रफीक अंसारी, सरफुद्दीन अंसारी, इनामल अंसारी, कामलाउद्दीन अंसारी, सज्जाद अंसारी, देवनारायण महतो, मुखिया चंडी महतो, सराफत अंसारी, अमारत अंसारी, आदिल खान, इलियास अंसारी, मानिक मंडल, मोजीद अंसारी, माथुर अंसारी, मुस्ताक अंसारी, शाहिद सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।