प्रकाशोत्सव पर झरिया से धनबाद तक निकला भव्य नगर कीर्तन

प्रकाशोत्सव पर झरिया से धनबाद तक निकला भव्य नगर कीर्तन

डीजे न्यूज, धनबाद: सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर रविवार को झरिया कोयरीबांध स्थित गुरुद्वारा से धनबाद बैंक मोड़ बड़ा गुरुद्वारा तक भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुचरण सिंह के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति, सेवा और धार्मिक उत्साह का अद्भुत संगम बनी। ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से पूरा कोयलांचल भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया।
इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पंच प्यारों के चरण धोकर उनका अभिनंदन किया तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। झरिया के कतरास मोड़ स्थित स्व. सूर्यदेव सिंह चौक पर विधायक रागिनी सिंह ने नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं के बीच फ्रूटी, पानी एवं नाश्ते का वितरण कर सेवा की। इस दौरान
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं मानवता, प्रेम, समानता, सेवा एवं भाईचारे का अनुपम संदेश देती हैं। उन्होंने समाज को ऊंच-नीच, भेदभाव और वैमनस्य से ऊपर उठकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान एवं सद्भाव रखने की प्रेरणा दी। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं तथा लोगों को आपसी प्रेम के सूत्र में बांधते हैं।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने हमेशा समानता, निस्वार्थ सेवा, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। प्रकाशोत्सव जैसे पावन आयोजन हमें धर्म, जाति एवं भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top