झरिया के दीपक पासवान ने कोच्चि में लहराया परचम, बिहार के राजीव को हराकर जीता स्वर्ण

झरिया के दीपक पासवान ने कोच्चि में लहराया परचम, बिहार के राजीव को हराकर जीता स्वर्ण

डीजे न्यूज, धनबाद: देश में पिकलबॉल का क्रेज धीरे-धीरे तेजी से बढ़ता जा रहा है। मुंबई, गुजरात, अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोलकाता, दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा जैसे बड़े शहरों के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लंबे समय से दबदबा रहा है। ऐसे में धनबाद-झरिया के दीपक पासवान ने इन मजबूत खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

केरल के कोच्चि में आयोजित 10वीं राष्ट्रीय पिकलबॉल चैंपियनशिप में करीब 1000 खिलाड़ियों ने देश के विभिन्न राज्यों से हिस्सा लिया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में लगभग 2600 मुकाबले खेले गए।

प्रतियोगिता के ओपन मेंस सिंगल्स वर्ग में धनबाद-झरिया के दीपक पासवान ने बिहार के राजीव कुमार को 21-16 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दीपक की इस उपलब्धि को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने पिछले तीन वर्षों की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और संघर्ष के बाद राष्ट्रीय स्तर पर यह स्वर्ण पदक हासिल किया है।

दीपक ने अपनी सफलता के लिए झारखंड पिकलबॉल के पदाधिकारी प्रभात कुमार, बी. सुधीर और गौरव कुमार के साथ-साथ AIPA के पदाधिकारी अरविंद प्रभु एवं निखिल माथुर के प्रति आभार जताया।

वहीं ओपन मेंस डबल्स में दीपक पासवान एवं सोनू विश्वकर्मा की जोड़ी ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-18 बॉयज़ डबल्स में आदित्य प्रजापति एवं जिगर विश्वकर्मा ने रजत, जबकि अंडर-14 बॉयज़ डबल्स में रिबुल खान एवं सत्यम की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता।

इस प्रकार झारखंड के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 1 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 4 पदक हासिल किए। खास बात यह रही कि झारखंड के सभी चारों पदक धनबाद-झरिया के खिलाड़ियों के नाम रहे।

झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बी. सुधीर ने यह जानकारी देते हुए सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि झारखंड में पिकलबॉल के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top