64 रेल कर्मियों को किया गया सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद:
महिला कल्याण संगठन, धनबाद के तत्वावधान में शनिवार को रेलवे अधिकारी क्लब रांगाटांड़ में कर्मचारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संगठन की अध्यक्षा प्रिया मिश्र ने विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों के सफल आयोजन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 64 कर्मचारियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, कैरेज एवं वैगन, यांत्रिक, विद्युत, वाणिज्य, कार्मिक, परिचालन, स्काउट एवं गाइड तथा सांस्कृतिक विभागों के कर्मचारी शामिल थे। इस अवसर पर संगठन की सदस्याओं ने कर्मचारियों के समर्पण, सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग की सराहना करते हुए उनके योगदान को संगठन की गतिविधियों की सफलता में महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर उपाध्यक्षा अल्पना झा, मृणालिनी एवं शैली सहित संगठन की अन्य सदस्याएँ तथा विभिन्न विभागों के रेल कर्मचारी उपस्थित थे।