जिंदा था तो कचरा उठाया, मरने पर कचरा गाड़ी में ही उठा ले गई व्यवस्था
डीजे न्यूज, पचंबा, गिरिडीह : पचंबा थाना क्षेत्र के 30 वर्षीय सफाईकर्मी सोनू हाड़ी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। लेकिन मौत से ज्यादा शर्मनाक था उसके बाद का मंजर।
जिस बेटे ने जिंदगी भर शहर का कचरा उठाया, मरने के बाद उसी व्यवस्था ने उसे कचरा उठाने वाली गाड़ी में लादकर सदर अस्पताल पहुंचा दिया। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब नगर निगम के पास सरकार की ओर से दिए गए तीन शव वाहन मौजूद हैं, तो फिर शव के लिए कचरा गाड़ी क्यों मंगाई गई? क्या एक सफाईकर्मी की लाश शव वाहन के लायक भी नहीं थी? यह घटना सिर्फ एक लापरवाही नहीं है, यह उस सोच का आईना है जिसमें सफाईकर्मी को जिंदा रहते भी इंसान नहीं समझा जाता और मरने के बाद भी नहीं।
अब पूरे गिरिडीह में एक ही सवाल गूंज रहा है-जो व्यवस्था एक शव को सम्मान नहीं दे सकती, वह जिंदा लोगों को क्या इज्जत देगी? अब देखना होगा कि प्रशासन इस शर्मनाक घटना पर लीपापोती करता है या जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है।