गिरिडीह में खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, फुटबॉल-वॉलीबॉल-तीरंदाजी में दिखा युवाओं का जोश

गिरिडीह में खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, फुटबॉल-वॉलीबॉल-तीरंदाजी में दिखा युवाओं का जोश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शनिवार को गिरिडीह स्टेडियम में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव एवं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने गुब्बारे उड़ाकर तथा फुटबॉल को किक मारकर खेल प्रतियोगिताओं का औपचारिक शुभारंभ किया। पहले दिन फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी एवं गुलेल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।

उपायुक्त ने कहा-झारखंड के खिलाड़ी लहरा रहे परचम

अपने संबोधन में उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि झारखंड की पहचान केवल सांस्कृतिक विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल के क्षेत्र में भी राज्य ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि झारखंड के अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में देश और राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं। विशेष रूप से हॉकी में झारखंड के विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं।उन्होंने युवाओं को निरंतर अभ्यास, मेहनत एवं समर्पण के माध्यम से लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।यह दो दिवसीय खेल आयोजन रविवार को भी जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य पदाधिकारी, युवा खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top