राजकमल सरस्वती शिशु मंदिर में 22 नवंबर से अखिल भारतीय गणित मेला, 11 क्षेत्रों के 275 विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा
24 नवंबर को समापन समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे शामिल, विद्यार्थियों को देंगे मार्गदर्शन
डीजे न्यूज, धनबाद: विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से अखिल भारतीय गणित मेले का आयोजन 22 से 24 नवंबर तक राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, धनबाद में किया जा रहा है। मेले में देशभर के 11 क्षेत्रों से चयनित 275 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन 22 नवंबर को अपराह्न तीन बजे होगा। उद्घाटन समारोह में आईआईटी के कंप्यूटर विभाग के एस पी तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, 24 नवंबर को आयोजित समापन समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार शामिल होकर प्रतिभागी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री श्रीराम आरावकर, वैदिक गणित के अखिल भारतीय संयोजक देवेंद्र राव देशमुख, विभाग निरीक्षक नीरज कुमार लाल, कार्यक्रम संयोजक विनोद कुमार तुलस्यान एवं राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्रा उपस्थित थे।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि विद्या भारती वर्ष 1952 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत समाज पोषित अखिल भारतीय शैक्षिक संगठन है। इसका कार्य उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक देश के सभी राज्यों में फैला हुआ है। संगठन नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 11,938 औपचारिक विद्यालयों तथा जनजातीय क्षेत्रों एवं नगरों की सेवा बस्तियों में 10,691 अनौपचारिक शिक्षा संस्कार केंद्रों एवं एकल शिक्षक विद्यालयों का संचालन कर रहा है। इनमें 36,78,231 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनके जीवन निर्माण में 1,82,556 सेवाभावी आचार्य-आचार्याएं योगदान दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त 60 महाविद्यालय और 200 से अधिक आवासीय विद्यालय भी संचालित हैं। संगठन सरकार से किसी प्रकार का नियमित अनुदान प्राप्त किए बिना शिक्षा के माध्यम से देश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहा है।
विद्या भारती के विद्यालयों में नियमित पाठ्यक्रम के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं समग्र विकास तथा शिक्षकों की शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। इनमें शारीरिक शिक्षा, योग, संगीत, संस्कृत, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा, विद्वत परिषद, शोध, संस्कृति बोध परियोजना, पूर्व छात्र परिषद, शिशु वाटिका, बालिका शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण, अटल टिंकरिंग लैब, ग्रामीण एवं जनजातीय शिक्षा, वैदिक गणित, विज्ञान, पर्यावरण, खेलकूद और कौशल विकास प्रमुख हैं।
विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए गणित मेला और विज्ञान मेला जैसी गतिविधियां विद्यालय स्तर से लेकर संकुल, जिला, संभाग, प्रांत, क्षेत्र और अखिल भारतीय स्तर तक आयोजित की जाती हैं। इसके अलावा अखिल भारतीय स्तर पर खेलकूद समारोह, संस्कृति महोत्सव एवं टेकथॉन का भी आयोजन किया जाता।
बताया कि अखिल भारतीय गणित मेले में कक्षा छह से 12वीं तक के बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें वैदिक गणित प्रश्नमंच, गणित प्रदर्श (मॉडल), गणित पत्र प्रस्तुति, गणित प्रयोग तथा आचार्य पत्र प्रस्तुति प्रतियोगिता शामिल हैं।
बताया गया कि विद्या भारती ने वर्ष 1995 से वैदिक गणित को अपने पाठ्यक्रम में शामिल किया है। कक्षा एक से 12वीं तक गणित शिक्षण के साथ विद्यार्थियों को वैदिक गणित की विधियां भी सिखाई जाती हैं। इससे उनकी गणितीय दक्षता बढ़ती है और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलती है।
गणित मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की प्राचीन एवं समृद्ध गणितीय परंपरा से परिचित कराना, उनमें गणित के प्रति रुचि विकसित करना तथा वर्तमान चुनौतियों का सामना करने में सक्षम पीढ़ी तैयार करना है। इसके माध्यम से भविष्य के कुशल गणितज्ञों को तैयार करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
वंदे मातरम् के सामूहिक गान का विश्व रिकॉर्ड
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि विद्या भारती सामाजिक जागरण के लिए भी समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती है। इसी क्रम में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 25 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे देशभर के 29,772 स्थानों पर सामूहिक वंदे मातरम् गान का आयोजन किया गया। इसमें कुल 77,27,630 लोगों ने सहभागिता की। इसे विश्व रिकॉर्ड बताया गया। इस अवसर पर राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्रा ने विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर निकले विद्यार्थी आज देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस तरह के अखिल भारतीय आयोजनों में विद्यार्थियों की सहभागिता से उनकी प्रतिभा को निखरने और सीखने का बेहतर अवसर मिलता है।