डीडीसी ने किया बाहियारडीह एवं पाडुगोड़ा पंचायत का औचक निरीक्षण, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

डीडीसी ने किया बाहियारडीह एवं पाडुगोड़ा पंचायत का औचक निरीक्षण, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): डीडीसी सन्नी राज ने शनिवार को बाघमारा प्रखंड अंतर्गत बाहियारडीह एवं पाडुगोड़ा पंचायत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर संचालित सरकारी योजनाओं और आधारभूत संरचनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने दोनों पंचायतों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों तथा उप स्वास्थ्य केंद्रों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, साफ-सफाई, कर्मियों की उपस्थिति तथा आम जनता को मिल रही सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने जिला स्तर से पूर्व में दिए गए निर्देशों एवं विभिन्न विकास कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का तत्काल प्रभाव से शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की गति पर विशेष ध्यान देते हुए उप विकास आयुक्त ने संबंधित संवेदकों और अभियंताओं को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि उन्हें अविलंब संबंधित विभाग को हस्तांतरित किया जा सके और स्थानीय बच्चों व महिलाओं को इसका लाभ मिलना शुरू हो सके।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड स्तर के संबंधित पदाधिकारी, अभियंता एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top