झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा से जुड़ी खबरें:-
आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘सुरक्षित मातृत्व’ दिवस का हुआ आयोजन
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार, झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर शनिवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों एवं प्रखंड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। आज के कार्यक्रम का मुख्य विषय “सुरक्षित मातृत्व” रहा।
इस विशेष अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और प्रखंड स्तर पर गतिविधियां संचालित की गई।
बैठक एवं लाभार्थियों की पहचान: सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई और योग्य लाभार्थियों की पहचान की गई।
आवेदन एवं दस्तावेजों की जांच: लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के आवेदन फॉर्म भरने में सहायता प्रदान की गई, साथ ही लंबित आवेदनों और आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ाव: पात्र महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु उनसे जोड़ा गया।
विशेष पंजीकरण ड्राइव एवं शिविर: गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष आवेदन शिविर लगाए गए और प्रखंड स्तर पर विशेष पंजीकरण ड्राइव चलाया गया। इस दौरान महिला पर्यवेक्षिका द्वारा प्राप्त आवेदनों की समीक्षा भी की गई।
लंबित मामलों का निष्पादन: योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन हेतु संबंधित कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन की पहल की गई।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से जिले की प्रत्येक गर्भवती महिला और धात्री माता को सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित कराना है।
सीएचसी झरिया में रक्तदान शिविर आयोजित
धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के उपलक्ष्य पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), झरिया में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस रक्तदान शिविर में डॉक्टर, कर्मी तथा आम नागरिक रक्तदान कर रहे हैं। अधिकारियों ने रक्तदान को महादान बताते हुए आम जनता से ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इसके अलावा टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन अभियान (NTEP, धनबाद) के तहत टीबी के मरीजों को पोषण पोटली (फूड बास्केट) प्रदान की गई। मरीजों को दी गई प्रत्येक पोषण पोटली (फूड बास्केट) में पौष्टिक आहार के रूप में मूंग दाल, तूर (अरहर) दाल, मसूर दाल, चना, गुड़, मूंगफली, सोयाबीन बड़ी, सरसों तेल व अन्य आवश्यक पौष्टिक खाद्य सामग्रियां शामिल की गई हैं।
सीएचसी प्रभारी ने कहा कि टीबी के मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए नियमित दवा के साथ-साथ प्रोटीन और पोषक तत्वों से भरपूर आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को निक्षय मित्र बनकर इन मरीजों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
——————————————————–
‘गृह प्रवेश सप्ताह’ का आयोजन, आवास योजनाओं के लाभुकों को मिला पक्का घर
धनबाद: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में 15 से 28 नवंबर तक विशेष अभियान के रूप में ‘गृह प्रवेश सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी अभियान का मुख्य उद्देश्य आवास योजनाओं के पूर्ण हो चुके घरों में लाभुकों का विधिवत गृह प्रवेश कराकर उन्हें सम्मानजनक जीवनयापन हेतु सुरक्षित छत उपलब्ध कराना है।
इस विशेष सप्ताह के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख आवासीय योजनाओं के अंतर्गत निर्मित आवासों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित योजनाएं शामिल हैं:
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)
अबुआ आवास योजना
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN)
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना
अभियान के तहत 15 से 21 नवंबर तक कुल 874 आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है। जिला प्रशासन द्वारा शेष आवासों में भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान की निरंतर निगरानी की जा रही है। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं आवास समन्वयकों को निर्देश दिया गया है कि वे शेष लक्षित आवासों का निर्माण एवं फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए आगामी 27 नवंबर तक शत-प्रतिशत लाभुकों का गृह प्रवेश सुनिश्चित करें।
——————————————————-
रोजगार मेला में 165 अभ्यर्थी चयनित
धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शनिवार को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, धनबाद में एकदिवसीय रोजगार-सह-ऋण मेला का आयोजन किया गया।
इस मेला में कुल 19 निजी क्षेत्र की कंपनियों ने भाग लिया। रोजगार मेले में कुल 165 अभ्यर्थियों को चयनित कर सुनहरा अवसर प्रदान किया गया। जिससे वे अपने कैरियर को एक नई दिशा प्रदान कर सकें। रोजगार तलाश रहे उम्मीदवारों के लिए अवर प्रादेशिक नियोजनालय एक नई दिशा दिखा रही है, जिसमें अलग-अलग योग्यताधारी रोजगार मेला के जरिए रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही रोजगार-सह-ऋण मेला 2026 में अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय द्वारा बैंक ऑफ़ इंडिया , स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया , कैनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक का स्टॉल लगाया गया। इस स्टॉल के माध्यम से बैंक की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं की जानकारी उपस्थित युवाओं, अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों को प्रदान की गई। जिसमें गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, शिक्षा ऋण (Education Loan), विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाएं, वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) से संबंधित उत्पाद एवं सेवाएं तथा बैंक की अन्य जनकल्याणकारी एवं वित्तीय सहायता योजनाएं के बारे मे जानकारी दी गई |
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक (नियोजन) धनबाद पदमा कुमारी के द्वारा बताया गया कि अवर प्रादेशिक नियोजनालय, धनबाद द्वारा समय-समय पर रोजगार मेला एवं भर्ती कैम्प का आयोजन कर निबंधित बेरोजगार युवक/युवतियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं ,रोजगार के अवसर से जुड़ने हेतु स्थानीय उम्मीदवार रोजगार पोर्टल https://jharniyojan.jharkhand.gov.in में अपना निबंधन स्वयं अथवा अवर प्रादेशिक नियोजनालय, धनबाद में उपस्थित होकर कर सकते है।
मौके पर पदमा कुमारी, सहायक निदेशक (नियोजन), धनबाद, प्रवीण कुमार, सहायक श्रमायुक्त, धनबाद, राकेश कुमार, प्रभारी प्राचार्य, आईटीआई गोविंदपुर, अरविंद कुमार राकेश, उच्च वर्गीय लिपिक, प्रशान्त गोयल, विवेक कुमार साव एवं कार्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहें।
—————————————————-
लाभार्थियों के बीच बांटी गई 50 लाख रुपये की परिसंपत्तियाँ
धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के शुभ अवसर पर शनिवार को प्रखण्ड कार्यालय धनबाद सदर, पुटकी के सभागार में भव्य परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगभग 100 से अधिक लाभार्थियों के बीच करीब 50 लाख रुपये मूल्य की परिसंपत्तियों एवं सहायता राशि का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
JSLPS (पलाश): आजीविका संवर्धन हेतु धोबनी आजीविका महिला ग्राम संगठन एवं माता आजीविका सखी मंडल (समसिखरा) सहित अन्य समूहों को 30 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। यह चेक प्रखण्ड प्रमुख आरती देवी, उप प्रमुख मनीषा सिंह एवं जिला परिषद सदस्य रूपा कुमारी के करकमलों द्वारा दिया गया।
कृषि विभाग: मालवाहक वाहन क्रय हेतु नवीन राय, मेहताब आलम एवं तन्नु कुमारी को 6 लाख रुपये की लागत का चेक सांसद प्रतिनिधि राजीव कुमार महतो एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी (BDO) विकास आनंद द्वारा प्रदान किया गया।
बाल विकास परियोजना (CDPO): सीडीपीओ धनबाद सदर अलका रानी द्वारा सुरेश रविदास एवं राधा देवी को श्रवण यंत्र (Hearing Aid), विवेक कुमार को व्हीलचेयर तथा अंजली कुमारी को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
जिला कल्याण विभाग: मध्य विद्यालय, मुनीडीह के 7 छात्र-छात्राओं के बीच निःशुल्क साइकिल का वितरण किया गया।
विवाह सहायता अनुदान: रानी देवी एवं गुलपी देवी को 30-30 हजार रुपये का चेक मुखिया चक्रधर महतो एवं मुखिया चमेली देवी द्वारा दिया गया।
आकस्मिक/दुर्घटना मृत्यु अनुदान: श्रमिकों की मृत्यु के उपरांत आश्रित राजेश्वर प्रसाद महतो एवं अभिलाश महतो को 2-2 लाख रुपये का चेक श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ऋषि प्रजापति एवं बीडीओ विकास आनंद द्वारा प्रदान किया गया।
प्रसूति सहायता: लक्ष्मी कुमारी एवं ममता कुमारी को 15-15 हजार रुपये का चेक दिया गया।
मेधावी छात्रवृत्ति योजना: भारती देवी, सरिता देवी एवं भरत बाउरी को 1-1 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
उपस्कर सहायता योजना: चार श्रमिकों—भरत बाउरी, लता देवी, जयदेव महतो एवं खैरून बीबी को 5-5 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।
सेफ्टी सहायता: मुनेजा बीबी, मंजू देवी एवं रामू कुमार पासवान को 1-1 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त आज 5 नए श्रमिकों का निबंधन भी किया गया।
मनरेगा (VB-GRAM G) एवं आवास योजना: योजना के तहत 11 श्रमिकों के बीच जॉब कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही, मुख्यमंत्री अबुआ आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण हो चुके आवासों के 14 लाभुकों को गृह प्रवेश हेतु प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखण्ड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय के सभी पदाधिकारियों व कर्मियों की सक्रिय उपस्थिति और योगदान सराहनीय रहा।