बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारों से गूंजा डुमरी क्षेत्र, निकला भव्य नगर कीर्तन

बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारों से गूंजा डुमरी क्षेत्र, निकला भव्य नगर कीर्तन

डीजे न्यूज, धनबाद:  गुरु नानक देव जी के 557वें जन्मोत्सव पर शनिवार को डुमरी चार नंबर गुरुद्वारा से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में सिख समुदाय के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पांच प्यारे हाथों में निशान साहिब लेकर सबसे आगे चल रहे थे। छोटे-छोटे बच्चे भी हाथों में निशान साहिब लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए। बाबा जी की पालकी को आकर्षक ढंग से फूलों से सजी गाड़ी में विराजमान किया गया था।
पालकी के पीछे स्त्री सत्संग की महिलाएं गुरुवाणी के शब्दों का गायन करते हुए चल रही थीं। दिल्ली से आए पंजाब के गायक मनप्रीत सिंह ने ‘ऊंचा दर बाबे नानक दा’ शब्द प्रस्तुत किया। वहीं डुमरी की अमनदीप कौर ने ‘चिम चिम वरसे अमृत तार, गुरु नानक ने लिया अवतार’ तथा कुलदीप सिंह और तरसेम सिंह ने ‘मेरा सतगुरु फूल गुलाब दा, मैं केड़े गमले लगावां’ जैसे शब्दों का गायन कर संगत को निहाल किया। स्त्री सत्संग की ओर से ‘रब बनके सतगुरु ने तेरी नगरी में फेरे पाए’ शब्द प्रस्तुत किया गया।
नगर कीर्तन के दौरान निरवेल खालसा गतका ग्रुप जामाडोबा की टीम ने हैरतअंगेज शस्त्र कला का प्रदर्शन किया। गतका के एक से बढ़कर एक करतब देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारों से पूरा डुमरी क्षेत्र गूंजता रहा।
डुमरी दो नंबर में सनी एंटरप्राइजेज की ओर से संगत के बीच मिठाई, चाय और बिस्कुट का वितरण किया गया। डुमरी तीन नंबर में अमरदीप सिंह की पत्नी अमृत कौर ने अपने आवास के पास नगर कीर्तन को रोककर पांच प्यारों को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और मिठाई खिलाई। उन्होंने बाबा जी की पालकी के समक्ष नमन किया। डुमरी तीन नंबर कमेटी की ओर से भी नगर कीर्तन का स्वागत कर प्रसाद वितरित किया गया। वहीं डुमरी दो नंबर कमेटी ने भव्य स्वागत करते हुए संगत के बीच चना प्रसाद, चाय और नाश्ते की व्यवस्था की।
नगर कीर्तन डुमरी दो नंबर, डुमरी तीन नंबर, कोऑपरेटिव कॉलोनी और भुवनेश्वर चौक होते हुए वापस डुमरी चार नंबर गुरुद्वारा पहुंचा। वहां गुरु महाराज के नाम की अरदास की गई। इसके बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरु का अटूट लंगर ग्रहण किया। नगर कीर्तन के दौरान स्त्री सत्संग की महिलाएं रास्ते में झाड़ू लगाकर सफाई करती चल रही थीं, जो सेवा और समर्पण का संदेश दे रही थीं।
नगर कीर्तन को सफल बनाने में शीतल सिंह, जसपाल सिंह, गुरभेज सिंह, अमरीक सिंह, सतपाल सिंह बिट्टू, जीत सिंह, जसवंत सिंह, गुरमुख सिंह, मंगल सिंह पत्रकार, बलजीत सिंह मोनू, कुलदीप सिंह, मनोहर सिंह, अवतार सिंह, गुरमीत सिंह, निर्मल सिंह, प्रितपाल सिंह सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा। वहीं स्त्री सत्संग की मनजीत कौर, सीमा कौर, परमजीत कौर, पोली कौर, रिंकी कौर और प्रभजोत कौर की भी अहम भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top