जेबीसीसीआई-12 का गठन जल्द करने की मांग, तब तक कोयला कर्मियों को मिले 15 प्रतिशत अंतरिम राहत
डीजे न्यूज, धनबाद : बैकवर्ड क्लास (ओबीसी) कोल एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने कोयला कर्मचारियों के वेतन समझौते को लेकर जेबीसीसीआई-12 (JBCCl-XII) का गठन जल्द से जल्द करने की मांग की है। इस संबंध में एसोसिएशन के महासचिव जय बहादुर सिंह यादव ने 21 नवंबर को कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक, कोलकाता को पत्र भेजकर मांग की है कि जब तक जेबीसीसीआई-12 का गठन और वेतन समझौते पर अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक सभी कोयला कर्मचारियों को उनके मूल वेतन का 15 प्रतिशत प्रतिमाह अंतरिम राहत के रूप में भुगतान किया जाए। पत्र में कहा गया है कि जेबीसीसीआई-12 का गठन जुलाई 2026 से ही किया जाना था, लेकिन प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच आपसी मतभेद के कारण अब तक इसका गठन नहीं हो सका है। इसके चलते कोयला कर्मचारियों को वेतन समझौते का लाभ मिलने में देरी हो रही है। एसोसिएशन ने कहा कि इस देरी का असर कर्मचारियों और उनके परिवारों पर पड़ रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2026 से 2027 के बीच बड़ी संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में वेतन समझौते में देरी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अंतरिम राहत देना आवश्यक है।
एसोसिएशन ने प्रबंधन से मांग की है कि जेबीसीसीआई-12 का गठन शीघ्र किया जाए और जब तक वेतन समझौते पर अंतिम निर्णय नहीं होता, तब तक कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों को मूल वेतन का 15 प्रतिशत अंतरिम राहत प्रतिमाह भुगतान किया जाए। महासचिव ने उम्मीद जताई है कि प्रबंधन कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।