सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सम्मानित हुए सेवानिवृत्त सूबेदार कृष्णा सिंह
विद्यार्थियों को दिया अनुशासन और संस्कार का संदेश
जिस विद्यालय में सीखे जीवन के संस्कार, उसी आंगन में लौटे पूर्व छात्र कृष्णा सिंह
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में शुक्रवार को भावुक और प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला, जब विद्यालय के पूर्व छात्र एवं सेवानिवृत्त सूबेदार कृष्णा सिंह अपने पुराने विद्यालय पहुंचे। मुख्य अतिथि के रूप में उनकी उपस्थिति ने विद्यालय परिवार के बीच पुरानी यादें ताजा कर दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृष्णा सिंह एवं विद्यालय के आचार्य डॉ. ब्रजेश बर्णवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन कर किया। इसके बाद सामूहिक वंदना हुई। आचार्या मेनका दीदी ने मुख्य अतिथि का परिचय कराया और उनका अभिनंदन किया। विद्यालय की ओर से डॉ. ब्रजेश बर्णवाल ने अंगवस्त्र भेंटकर उन्हें सम्मानित किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कृष्णा सिंह ने कहा कि अपने पुराने विद्यालय में लौटकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। यहां से प्राप्त संस्कार और शिक्षा जीवनभर व्यक्ति का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने बच्चों से माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने और उनकी आज्ञा का पालन करने की अपील की। कहा कि अनुशासन, संस्कार और बड़ों का आशीर्वाद सफलता की राह आसान बनाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की सभी दीदी जी तथा कक्षा षष्ठ से दशम तक की छात्राएं उपस्थित रहीं।