क्वांटम टेक्नोलॉजी के नए आयामों पर आईआईटी-आईएसएम में वैज्ञानिकों ने किया मंथन

क्वांटम टेक्नोलॉजी के नए आयामों पर आईआईटी-आईएसएम में वैज्ञानिकों ने किया मंथन

डीजे न्यूज, धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के फिजिक्स विभाग की ओर से क्वांटम ऑप्टिकल मैटेरियल्स विषय पर विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न संस्थानों से पहुंचे वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, प्राध्यापकों, पीएचडी स्कॉलर्स और उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। वर्कशॉप में क्वांटम तकनीक के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध, वैज्ञानिक संभावनाओं और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उद्घाटन सत्र में फिजिक्स विभाग के प्रो. ए. के. निराला मुख्य अतिथि तथा डीन, सीई एंड ओ प्रो. केका ओझा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक सह फिजिक्स विभागाध्यक्ष प्रो. वी. के. राय ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि क्वांटम ऑप्टिकल मैटेरियल्स का महत्व आने वाले समय में फोटोनिक और क्वांटम टेक्नोलॉजी के विकास में काफी बढ़ने वाला है। इस दिशा में अंतरविषयक शोध और वैज्ञानिक सहयोग को मजबूत करना आवश्यक है।

मुख्य अतिथि प्रो. ए. के. निराला ने कहा कि भविष्य की वैज्ञानिक एवं तकनीकी चुनौतियों का समाधान खोजने में बुनियादी शोध और उन्नत सामग्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वहीं, विशिष्ट अतिथि प्रो. केका ओझा ने शोध में उत्कृष्टता, नवाचार तथा उद्योग एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

वर्कशॉप के दौरान क्वांटम ऑप्टिकल मैटेरियल्स में हालिया वैज्ञानिक उपलब्धियों, नई शोध संभावनाओं और तकनीकी विकास पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। युवा शोधकर्ताओं को इस उभरते क्षेत्र में नए प्रयोग और नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस आयोजन को एएनआरएफ, नई दिल्ली और सीएसआईआर की ओर से वित्तीय सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. आर. थंगावेल ने धन्यवाद ज्ञापन किया और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले अतिथियों, विशेषज्ञों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति के प्रति आभार जताया।

आयोजकों के अनुसार, इस वर्कशॉप से क्वांटम ऑप्टिकल मैटेरियल्स के क्षेत्र में शोध सहयोग, वैज्ञानिक नेटवर्किंग और भविष्य की तकनीकी संभावनाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top