भाजपा पूरी मजबूती से लड़ेगी गिरिडीह विधानसभा उप चुनाव : अमर बाउरी 

प्रदूषण, आदिवासियों की जमीन छीने जाने और पचंबा जैसे क्षेत्रों में जमीन लूट के मामलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। शनिवार को गिरिडीह में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने पार्टी की चुनावी रणनीति और तैयारियों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एक युवा नेता के असामयिक निधन के कारण उपचुनाव होना दुखद है, लेकिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत भाजपा पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। पिछले विधानसभा चुनाव में करीब तीन हजार मतों से मिली हार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लेकर जमीनी स्तर पर जनता के बीच जाएंगे और जीत हासिल करेंगे। अमर बाउरी ने कहा कि चुनाव में प्रदूषण, आदिवासियों की जमीन छीने जाने और पचंबा जैसे क्षेत्रों में जमीन लूट के मामलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने राज्य में तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा जनता की आवाज बनकर क्षेत्र की समस्याओं और झारखंड की अस्मिता से जुड़े मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी में 28 दावेदारों के सामने आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह भाजपा की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संगठनात्मक ताकत का प्रमाण है। मंडल अध्यक्ष से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ता तक प्रत्याशी बनने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, उम्मीदवार का अंतिम चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया और संसदीय बोर्ड करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं अंतिम के सिद्धांत पर काम करती है। उपचुनाव में सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर मैदान में उतरेंगे और परिवर्तन के लिए संघर्ष करेंगे। प्रेस वार्ता में प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय आदि थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top