पुलिस के हत्थे चढ़ा छह साइबर ठग, दस्तावेज समेत अन्य सामग्री बरामद
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): करोड़ों के साइबर ठगी से जुड़े मामले में बलियापुर पुलिस ने सात अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इनमें एक किशोर भी शामिल है। पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों में मुख्य सरगना पूर्वी टुंडी के कृष्ण कुमार दास, चिरंजीत कुमार दे, गोविंद बाउरी, मधुसूदन बाउरी, बलियापुर के मोबाइल कार्नर दुकान संचालक काजू दे एवं उनका सेल्समैन गौरव कुमार गुप्ता शामिल हैं। सभी अपराधियों को शनिवार को जेल भेज दिया गया, जबकि किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
यह है मामला
दूरसंचार विभाग ने एक पत्र के माध्यम उल्लेख किया गया कि 1 जनवरी 2026 से 29 मई 2026 तक धनबाद के बलियापुर बाजार स्थित मोबाइल कॉर्नर दुकान से कुल 166 सिम जारी किया गया है, जिसमें 57 सिम का एनसीआरपी पोर्टल पर साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज है। पत्र में अत्यधिक संख्या में संदिग्ध एवं फर्जी सिम कार्ड जारी करने का उल्लेख किया गया है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर उक्त सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु सिंदरी के एसपीडीओ प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया। जांच के क्रम में यह बात सामने आई कि कालूबथान ओपी क्षेत्र के शीतलपुर एवं बलियापुर के सीमावर्ती गांव तथा पूर्वी टुंडी के मैरवानटांड़ के कई लोग साइबर ठगी एवं सिम खरीदने बेचने के काम में सम्मिलित हैं। टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए बलियापुर बाजार चौक स्थित मोबाइल कॉर्नर दुकान में छापामारी कर साइबर ठगी से संबंधित दस्तावेज एवं अन्य सामान बरामद कर दुकान संचालक काजू दे एवं उनका सेल्समैन गौरव कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में बलियापुर थाना में आईटी एक्ट एवं टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के अलावा वीएनएस की विभिन्न धाराओं में कांड संख्या 136 के तहत प्राथमिकी दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ एवं अनुसंधान के क्रम में साइबर ठगी में सम्मिलित संगठित गिरोह के मुख्य सरगना पूर्वी टुंडी स्थित कृष्ण कुमार दास एवं चिरंजीत कुमार दे तथा उनके दो अन्य सहयोगी गोविंद बाउरी एवं मधुसूदन बाउरी को भी पुलिस ने धर दबोचा।