झारखंड में भाजपा की दाल नहीं गलने वाली : इरफान अंसारी

झारखंड में भाजपा की दाल नहीं गलने वाली : इरफान अंसारी

डीजे न्यूज, गोविंदपुर, धनबाद : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को पाथुरिया में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा की दाल नहीं गलने वाली है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि उन्हें अब पद छोड़ना ही होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देश के युवा राहुल गांधी के साथ खड़े हैं। उनके मार्गदर्शन में झारखंड सरकार बेहतर काम कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार के दिमाग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चिप लगा हुआ है। उनके कारण ही पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में भाजपा को जीत मिली है।

निशा भगत प्रकरण पर उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले को लेकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसकी सीबीआई जांच की अनुशंसा कर मामले को स्पष्ट कर दिया है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर मंत्री ने कहा कि धनबाद में मेडिकल कॉलेज का पार्ट-2 बनाया जाएगा। इसी तरह रांची में रिम्स के पार्ट-2 का शिलान्यास भी जल्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य बीमा की राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दी गई है। इससे झारखंड के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही कैंसर की दवाओं की कीमतों में 75 प्रतिशत तक की कमी लाई गई है।

इस दौरान सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, पूर्व मुखिया मोबिन अंसारी, मुकेश सिंह, मोकिम अंसारी, इकबाल अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top