15 सूत्री मांगों को लेकर देवरी प्रखंड मुख्यालय पर मजदूर सभा का धरना, सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश
डीजे न्यूज, देवरी (गिरिडीह) : देवरी प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को भाजपा माले झारखंड ग्रामीण मजदूर सभा के बैनर तले विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों, मजदूरों, किसानों और जरूरतमंदों से जुड़ी 15 सूत्री मांगों को सरकार के समक्ष उठाया गया। धरना से पूर्व थाना मोड़ से प्रखंड मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए।
धरना के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रखंड के कई गांव आज भी पक्की सड़क से वंचित हैं। ऐसे गांवों को सड़क से जोड़ने, वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन की पिछले सात महीने से बकाया राशि का भुगतान करने तथा मईया सम्मान योजना का बंद पोर्टल दोबारा चालू कर वंचित लाभुकों को योजना का लाभ देने की मांग की गई।
इसके अलावा मनरेगा योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने, ग्रामीण मजदूरों को साल में कम से कम 200 दिन रोजगार तथा प्रतिदिन 700 रुपये न्यूनतम मजदूरी की गारंटी देने की मांग उठाई गई। अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि का भुगतान करने तथा सभी पंचायतों में धान क्रय केंद्र खोलने पर भी जोर दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सभी पंचायतों में शिविर लगाकर दाखिल-खारिज और ऑनलाइन लगान रसीद की समस्या दूर करने की मांग की। प्रखंड में खराब पड़ी जलापूर्ति योजनाओं को अविलंब चालू करने, वर्तमान एसआईआर प्रक्रिया वापस लेने तथा आम और भेलवाघाटी में बैंक खोलने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
वहीं, भेलवाघाटी के अरघा नदी पर अधूरे पड़े पुल का निर्माण जल्द पूरा कराने, पंचायतों के उप स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की व्यवस्था करने और प्रखंड के सभी गांवों में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करने की मांग की गई, ताकि मजदूरों का पलायन रोका जा सके।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री के नाम 15 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने की बात कही गई। धरना की अध्यक्षता बलबीर कुमार साव ने की, जबकि संचालन अजय चौधरी ने किया।
मौके पर उस्मान अंसारी, प्रखंड सचिव मुस्तकीम अंसारी, अजीत कुमार शर्मा, अहमद अंसारी, फुलवा देवी, निर्मला देवी, इस्लाम अंसारी, कलीम अंसारी, कैलाश राय, बड़की सोरेन, सझली हेंब्रम, केली टुडू, डेलो तुरी, सहदेव राम, मोहन तुरी, मनोज तुरी सहित कई लोग मौजूद थे।