छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर सड़कों पर उतरीं मेयर प्रमिला मेहरा और श्वेता शर्मा, घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने का अल्टीमेटम

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर सड़कों पर उतरीं मेयर प्रमिला मेहरा और श्वेता शर्मा, घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने का अल्टीमेटम

कई छठ घाटों का किया निरीक्षण, सफाई, बिजली, रोशनी और यातायात व्यवस्था समय पर दुरुस्त करने का निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गिरिडीह नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को महापौर प्रमिला मेहरा ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुगम आवागमन और यातायात की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ डिप्टी मेयर सुमित कुमार, श्वेता शर्मा, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ, सिटी मैनेजर मंजूर आलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। टीम ने झरियागादी, गरहाटांड, दीनदयाल घाट कर्बला, शिव शक्ति घाट राजपूत मोहल्ला, अरगाघाट, मेट्रोस गली, पाण्डेयडीह, शीतलपुर, सिरसिया घाट पुराना पुल और रविदास मोहल्ला घाट सिहोडीह सहित कई छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां भी कमियां नजर आईं, उन्हें दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू को याद कर भावुक हुए पूर्व मुखिया

निरीक्षण के दौरान झरियागादी छठ घाट पर दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की याद में पूर्व मुखिया साठु ठाकुर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व से पहले सुदिव्य कुमार सोनू स्वयं घाटों का निरीक्षण करते थे और साफ-सफाई, बिजली तथा रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित कराते थे। आज उनके बीच नहीं रहने से गिरिडीह वासियों को उनकी कमी खल रही है।

इस पर मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि दिवंगत मंत्री ने जनहित में जो कार्य किए और पर्वों के प्रति जिस तरह की प्रतिबद्धता दिखाई, उसे लोग आज भी याद कर रहे हैं।

छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : श्वेता शर्मा

मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाटों की स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, सुगम आवागमन और यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने नगर निगम, बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभागों को सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।

वहीं, श्वेता शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और पवित्रता का पर्व है। घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखना जरूरी है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें, ताकि व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

मौके पर झामुमो जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, अभय सिंह, जिला सह सचिव दिलीप रजक, दारा हाजरा, रामजी यादव, गोपाल शर्मा, राकेश कुमार सिंह, प्रमिला कुमारी, सचिन शर्मा, अनुभव सिंह, संजय वर्मा, रूपेश रजक सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top