मजदूरों की छंटनी पर भड़के विधायक अरूप चटर्जी, महिंद्रा शोरूम प्रबंधन को दी तालाबंदी की चेतावनी
डीजे न्यूज, गोविंदपुर,धनबाद : देवली स्थित महिंद्रा शोरूम में मजदूरों की कथित तौर पर मनमाने तरीके से छंटनी किए जाने को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। मजदूरों के समर्थन में स्थानीय लोग और माले कार्यकर्ता शोरूम परिसर में जुटे तथा प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि मजदूरों की रोजी-रोटी के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की जानकारी मिलने पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों की मांगों का समर्थन करते हुए शोरूम प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी। विधायक ने कहा कि मजदूरों के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि एक भी मजदूर की छंटनी की गई तो महिंद्रा शोरूम में तालाबंदी करा दी जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
विधायक ने कहा कि किसी भी संस्थान की तरक्की में मजदूरों की मेहनत और योगदान की अहम भूमिका होती है। ऐसे में उनके रोजगार और सम्मान को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
इस दौरान माले नेता जयजीत मुखर्जी, परेश कुम्भकार, गोपाल महतो, कार्तिक प्रसाद, लाला महतो, श्रीराम विश्वकर्मा, सारथी मंडल, रोशन मिश्रा, रामजी यादव, विक्की खान समेत बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ता और मजदूर मौजूद थे।