पूर्वी झरिया क्षेत्रीय कार्यालय में चोरी, स्क्रैप व बैटरी ले उड़े चोर
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : बीसीसीएल के पूर्वी झरिया क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय में शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर हजारों रुपये मूल्य के वाहनों के स्क्रैप, बैटरी एवं अन्य लौह सामग्री की चोरी कर ली। घटना की मौखिक सूचना शनिवार को कर्मियों द्वारा क्षेत्रीय प्रबंधन को दे दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात लोहा चोरों का एक दल बंद 36 नंबर खदान की ओर से क्षेत्रीय कार्यालय के बाउंड्री वॉल से सटे शौचालय की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने कार्यालय के ऑटो गैरेज के पास रखी तीन पुरानी बैटरियां, पुराने टायर, गाड़ी के पार्ट-पुर्जे सहित लोहा, तांबा और पीतल के कई पुराने सामान चोरी कर लिए और फरार हो गए।
घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई जब कुछ कर्मी शौच के लिए उक्त स्थान की ओर गए। सूचना मिलते ही कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, लेकिन उस ओर अंधेरा होने के कारण चोरों की तस्वीर कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो भविष्य में चोर कार्यालय के अंदर अधिकारी एवं लिपिकों के कमरों का ताला तोड़कर वहां रखे कीमती सामान भी चोरी कर सकते हैं। गौरतलब है कि क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में महाप्रबंधक कार्यालय के साथ-साथ अन्य वरीय अधिकारियों के कार्यालय एवं क्षेत्र के Central Industrial Security Force का कार्यालय भी मौजूद है।