आईआईटी (आईएसएम) में ‘सौभद्र-शौर्य’ खंड-काव्य का लोकार्पण, अभिमन्यु की वीरगाथा को काव्य के जरिए किया गया प्रस्तुत
डीजे न्यूज, धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के पेनमैन ऑडिटोरियम में मंगलवार को युवा साहित्यकार एवं शिक्षाविद् सत्यम् कुमार राय की हिंदी खंड-काव्य कृति ‘सौभद्र-शौर्य’ का लोकार्पण किया गया। महाभारत के वीर अभिमन्यु के शौर्य, साहस, बलिदान और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित इस कृति के लोकार्पण समारोह में आईआईटी (आईएसएम) के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे।
कार्यक्रम में बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह, आईआईटी (आईएसएम) के उप निदेशक प्रो. धीरज कुमार, झारखंड एकेडमिक काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एवं शिक्षाविद् फूल सिंह, डॉ. सुयगन राय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के डॉ. सौरभ राय, डॉ. मिथिलेश, लेखक की माता श्रीमती कालिंदी राय सहित विभिन्न प्रमुख स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षाविद् और साहित्य से जुड़े लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि भारतीय महाकाव्यों और पारंपरिक ज्ञान को सिर्फ धार्मिक या पौराणिक कथाओं के रूप में देखने के बजाय उनसे नए विचार और रिसर्च की संभावनाएं तलाशने की जरूरत है। उन्होंने एक विदेशी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर का उदाहरण देते हुए बताया कि वह हिंदी नहीं जानते और कभी भारत भी नहीं आए, लेकिन उनकी लैब में महाभारत, रामायण और गीता के अंग्रेजी अनुवाद रखे हुए हैं। पूछने पर उन्होंने बताया कि इन ग्रंथों को पढ़ने से उन्हें नए आइडिया और सोचने की प्रेरणा मिलती है, जो रिसर्च के लिए जरूरी है।
प्रो. मिश्रा ने अभिमन्यु के चक्रव्यूह प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी कथाओं को वैज्ञानिक नजरिए से भी देखने की जरूरत है। महाभारत में गर्भ में रहते हुए अभिमन्यु द्वारा चक्रव्यूह में प्रवेश की जानकारी सुनने का प्रसंग कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सवालों से मानव मस्तिष्क के विकास, उसकी कार्यप्रणाली और जन्म से पहले तथा बाद में सीखने की क्षमता को लेकर रिसर्च की संभावनाएं पैदा हो सकती हैं।
उन्होंने अपने एक पूर्व छात्र के रिसर्च का उदाहरण देते हुए बताया कि जन्म से दृष्टिहीन बच्चों की आंखों का ऑपरेशन एक निश्चित उम्र के बाद भी कितना कारगर हो सकता है, इस विषय पर पहले की मेडिकल मान्यताओं को भारतीय संदर्भ में चुनौती देने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि भारत की बड़ी आबादी और विविध परिस्थितियां ऐसे रिसर्च के लिए कई अवसर उपलब्ध कराती हैं। प्रो. मिश्रा ने कहा कि पारंपरिक ज्ञान से आइडिया लेकर उसे रिसर्च, इनोवेशन और स्वदेशी तकनीक के विकास से जोड़ना जरूरी है।
इस मौके पर बीबीएमकेयू के कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह ने कहा कि बदलते समय के साथ खुद को अपडेट करना जरूरी है। समय के बदलाव के अनुरूप जो लोग खुद को नहीं बदलते, वे पीछे छूट जाते हैं। उन्होंने लेखक सत्यम् कुमार राय के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अभिमन्यु की वीरगाथा को नई पीढ़ी के सामने रखने का महत्वपूर्ण काम किया है। उन्होंने लेखक की माता श्रीमती कालिंदी राय के योगदान की भी सराहना की और कहा कि ऐसे साहित्यिक प्रयास हमें अपनी विरासत, मूल्यों और पूर्वजों के योगदान को याद करने का अवसर देते हैं।
अपनी पुस्तक के अंश साझा करते हुए लेखक सत्यम् कुमार राय ने कहा कि अभिमन्यु की कहानी केवल वीरता की गाथा नहीं, बल्कि दर्द, त्याग, रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं की भी कहानी है। उन्होंने कहा, “कुछ पात्र लिखे नहीं जाते, वे लेखक के हृदय में उतर जाते हैं। कुछ वीर गाथाएं रक्त से नहीं, बल्कि लेखक के आंसुओं से लिखी जाती हैं। ‘सौभद्र-शौर्य’ ऐसी ही एक कथा है, जिसने मुझे कलम उठाने और अभिमन्यु के जीवन को नए सिरे से समझने के लिए प्रेरित किया।”
उन्होंने कहा कि इस खंड-काव्य में एक मां की पीड़ा, एक नवविवाहिता गर्भवती पत्नी की भावनाएं और महज 16 वर्ष की उम्र में परिवार और समाज की जिम्मेदारी उठाने वाले अभिमन्यु के साहस को शब्द देने का प्रयास किया गया है। पुस्तक के मूल संदेश को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, “आपकी उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन आपका कृतित्व बड़ा होना चाहिए। जिंदगी कितनी लंबी है, यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि आपने उसे किस तरह जिया, यह ज्यादा मायने रखता है।”
कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की प्रासंगिकता पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि महाभारत जैसे महाकाव्यों के प्रसंग आज भी युवाओं को साहस, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देते हैं।