पीरटांड़ बीआरसी के कंप्यूटर ऑपरेटर को दी गई भावभीनी विदाई
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): पीरटांड़ बीआरसी में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर नीरज कुमार के धनबाद जिला उपायुक्त कार्यालय में चयन होने पर शुक्रवार को उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। धनबाद में नई जिम्मेदारी संभालने से पहले उन्होंने पीरटांड़ बीआरसी से अपना इस्तीफा सौंप दिया।
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सपन मंडल के नेतृत्व में आयोजित विदाई समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मियों एवं शिक्षकों ने नीरज कुमार को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें रामचरितमानस, श्रीमद्भगवद्गीता और सात स्वरचित कविताओं से युक्त प्रशस्ति पत्र भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बीईईओ सपन मंडल ने कहा कि नीरज कुमार जैसे कर्मठ और समर्पित कर्मी विरले ही मिलते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया, जिसकी छाप हमेशा बनी रहेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मियों ने नीरज कुमार के साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उनके सरल व्यवहार, कार्यकुशलता और समर्पण की सराहना की तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर बीपीओ बसिल मरांडी, रामकिंकर उपाध्याय, अशोक कुमार सिंह, अनीश अंसारी, आशीष कुमार, संतोष रवानी, चरकु हेंब्रम, सफदर अली सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी, कर्मी एवं शिक्षक उपस्थित थे।