ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
डीजे न्यूज, गिरिडीह: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय गिरिडीह स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
उपायुक्त ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता और रखरखाव की स्थिति की जांच की। साथ ही परिसर की विद्युत व्यवस्था, बीयू हॉल, जनरेटर रूम, अग्निशमन यंत्र तथा सुरक्षा बलों के लॉग बुक का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने तैनात सशस्त्र सुरक्षा बलों को अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज, निर्वाचन शाखा के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।