बलियापुर की खबरें:-

बलियापुर की खबरें:-

बांग्ला भाषा उन्नयन समिति ने आंदोलन की बनाई रणनीति

डीजे न्यूज, बलियापुर: छाताटांड़ में शुक्रवार को बांग्ला भाषा उन्नयन समिति की बैठक दिलीप रजक की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सरकारी स्कूलों में बांग्ला भाषा की पढ़ाई नहीं होने पर झारखंड सरकर के प्रति नाराजगी व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने झारखंड के सभी स्कूलों में बांग्ला की पढ़ाई चालू कराने के लिए आंदोलन करने पर जोर दिया। बैठक में समिति के संस्थापक बेंगु ठाकुर, सुबल गोराई, चंदा गोराई, तरुण बेदिया, अरुण बेदिया, अजित बेदिया, रवि बेदिया, अष्टमी देवी, अलका देवी, बेबी देवी आदि थे।
———————————————
बलियापुर में बंदर का उत्पात, तीन को किया जख्मी

बलियापुर: एक बंदर के उत्पात से बलियापुर के लोग परेशान हैं। शुक्रवार को बंदर ने मोहम्मद अरमान, धर्मेंद्र पात्रा स्वर्णकार एवं मंजुड़ा पाल को काट कर जख्मी कर दिया। जख्मियों का इलाज बलियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करवाया गया। वहीं जेपीएस स्कूल बलियापुर में संचालित बस पर बंदर चढ़ गया। केंदवाटांड़ के पास हुई इस घटना से बस पर सवार स्कूली बच्चों में अफरा तफरी मच गई । आनन फानन में सभी बच्चे बस से उतर आए।  बस चालक ने किसी तरह बंदर को बस से बाहर निकाला। तब जाकर बच्चे बस पर सवार होकर स्कूल के लिए रवाना हुए। इसके बाद उक्त बंदर चार पहिया वाहन और स्कूली वैन पर भी चढ़ गया। इतना ही नहीं बंदर ने कई दुकानों के सामानों को भी क्षति पहुंचाया। मालूम हो कि उक्त बंदर ने गुरुवार की शाम बलियापुर बाजार में भी उत्पात मचाते हुए तीन युवकों को काटकर जख्मी कर दिया था।
——————————————
ट्रांसफॉर्मर में आई तकनीकी खराबी, पहाड़पुर में पसरा अंधेरा

बलियापुर: पहाड़पुर स्थित महतो टोला का विद्युत ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से गांव में अंधेरा छा गया है। लाइन खराब होने की शिकायत मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मी शुक्रवार को पहाड़पुर पहुंचे। मरम्मती के दौरान बिजली कर्मियों ने उक्त ट्रांसफार्मर में गंभीर फॉल्ट होने की बातें कहीं। इसके बाद ग्रामीणों ने उक्त खराब विद्युत ट्रांसफार्मर के बदले नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग विभाग से किया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top