खाट पर स्वस्थ्य व्यवस्था : प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ दलुआडीह में गुस्सा 

Advertisements

खाट पर स्वस्थ्य व्यवस्था : प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ दलुआडीह में गुस्सा

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी, बोले-घेरेंगे पीरटांड़ प्रखंड कार्यालय, सड़क नहीं तो वोट नहीं के दिए नारे

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : मधुबन पंचायत के दलुआडीह गांव में गर्भवती महिला को खाट पर चार किलोमीटर तक ढोकर अस्पताल ले जाने की घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। रविवार को गांव में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सड़क, पुल, पेयजल एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाल ही में गांव का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना और बिना ठोस आश्वासन दिए वापस लौट गए। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति भी नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने के कारण बीमार और गर्भवती महिलाओं को खाट पर उठाकर कई किलोमीटर दूर ले जाना पड़ता है, जिससे जान का खतरा बना रहता है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 5 या 6 जून को प्रखंड मुख्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों ने “सड़क नहीं तो वोट नहीं” के नारे भी लगाए।

बैठक में बुधन सोरेन, सानू मरांडी, रेमन मुर्मू, रषिकलाल हेंब्रम, बड़की देवी, मेहिलाल मरांडी, गोपाल मुर्मू, हेमलाल मुर्मू, मुंशी हांसदा, प्रेमचंद मरांडी, बसंती टुडू, रामलाल मरांडी, राकेश मरांडी, पुषु बेसरा, रषिकलाल मुर्मू समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top