ट्रेड यूनियनों को खत्म करने पर तुली केंद्र सरकार : सुदीप दत्ता
मजदूर दिवस पर बीसीकेयू की नुनुडीह में विशाल सभा, अरूप चटर्जी बोले-चार लेबर कोड पूरी तरह मजदूर विरोधी
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : मई दिवस के अवसर पर रविवार को नुनुडीह बस्ती स्थित शहीद गुरुदास चटर्जी फुटबॉल खेल मैदान में बीसीकेयू की ओर से भव्य कार्यक्रम व आमसभा का आयोजन किया गया। झारखंड व पश्चिम बंगाल से आए कलाकारों ने लोक नृत्य व गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
मौके पर मुख्य अतिथि सीटू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप दत्ता ने कहा कि 55 मजदूर के शहादत देने के बाद ही बिहार कोलियरी कामगार यूनियन का गठन हुआ था। आज केंद्र सरकार यूनियन को खत्म करने पर तुली हुई है। यूनियन को बचाना होगा। लाल झंडा ही मजदूर और किसान को हक और अधिकार दिलाया है। इसलिए और संघर्ष की आवश्यकता है।
विशाल जुलूस के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सभा स्थल से निकले विशाल जुलूस से हुई। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। जुलूस भाटडीह, मोहन बाजार, नुनुडीह, डिनोबली मोड़, डिगवाडीह गणेश मैदान होते हुए वापस सभा स्थल पहुंचा। यहां मुख्य अतिथि निरसा विधायक अरूप चटर्जी व सिंदरी के पूर्व विधायक आनंद महतो ने मजदूर के पुतले पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अन्य गणमान्य लोगों ने पुष्प अर्पित किए।
झरिया में हो रहा मजदूरों का शोषण : अरूप चटर्जी
सभा को संबोधित करते हुए विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि 31 मई को हर साल यहां मजदूर दिवस भव्य रूप से मनाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद-झरिया क्षेत्र में आउटसोर्सिंग व कोलियरी में मजदूरों का शोषण हो रहा है। एचपीसी के खिलाफ आवाज उठाने पर मजदूरों को काम से बैठा दिया जाता है। हाल में एचपीसी की मांग को लेकर धरना दे रहे 6 मजदूरों के समर्थन में उतरे 12 और मजदूरों को कंपनी ने काम से हटा दिया। यह पूंजीपतियों की दादागिरी है। केंद्र के 4 लेबर कोड कानून पूरी तरह मजदूर विरोधी हैं और इसका एकजुट होकर विरोध जरूरी है।
1886 जैसी स्थिति फिर बन रही : आनंद महतो
पूर्व विधायक आनंद महतो ने कहा कि मई दिवस मजदूरों के आंदोलन का दिन है। 1886 से पहले जैसी स्थिति फिर बन गई है। मजदूरों से जबरन 12 घंटे काम लिया जा रहा है। इससे छंटनी बढ़ रही है और उत्पादन भी घटेगा। केंद्र सरकार सभी खदानें निजी मालिकों को देना चाहती है। इसमें झारखंड सरकार भी शामिल है। पूरे राज्य में कोयला, लोहा व अन्य खनिज की लूट हो रही है।
बीसीकेयू-सीटू ने भी उठाई आवाज
बीसीकेयू के कार्यकारी अध्यक्ष सुंदरलाल महतो ने कहा कि 4 लेबर कोड का उदाहरण धनबाद-झरिया के आउटसोर्सिंग मजदूर हैं। हक मांगने पर उन्हें बैठा दिया जाता है। सीटू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप दत्ता ने कहा कि मजदूर दिवस जश्न के साथ संघर्ष का आह्वान है।
ये रहे मौजूद
मौके पर सबूर गोराई, बिरेन गोराई, राम लाल,मानस चटर्जी आनंद महिपाल सुरेश प्रसाद गुप्ता धर्मेंद्र राय योगेंद्र महतो, वार्ड 49 पार्षद बबिता गोराई, वार्ड 51 पार्षद बीरेंद्र कुमार, वार्ड 52 पार्षद लक्ष्मी कुमारी, अजित महतो, छोटन चटर्जी, सोनू गोराई, मोहन रवानी, कृष्ण बल्लभ पासवान, मोहन ठाकुर, मंगल मुर्मू समेत बड़ी संख्या में मजदूर व स्थानीय लोग मौजूद थे।