1420 किग्रा मिलावटी पनीर जब्त

1420 किग्रा मिलावटी पनीर जब्त

डीजे न्यूज, धनबाद: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को पुलिस लाइन के समीप स्थित बाउरी पाड़ा‌ के तीन गोदामों तथा कार्मिक नगर में जोगेन्द्र यादव के गोदाम में छापेमारी की। इस दौरान 1420 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त किया गया। बाउरी पाड़ा क्षेत्र में संबंधित गोदाम संचालकों के नाम बैजू सिंह, बीगन राय, सुमेध राय एवं सोनू  कुमार  हैं। वहीं, कार्मिक नगर स्थित गोदाम जोगेन्द्र यादव का है।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार द्वारा मौके पर ही पनीर का रासायनिक स्टार्च परीक्षण किया गया। प्रारंभिक परीक्षण में पनीर के नकली होने  की पुष्टि हुई। जब्त पनीर के नमूने विस्तृत रासायनिक जांच के लिए रांची स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। जब्त मिलावटी पनीर को नष्ट करवा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए छापेमारी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग से चंदन साव, चंद्रदेव गंजू, जैस्मीन करकटा,राहुल पासवान,राहुल कुमार,शुभम कुमार,अमित कुमार शामिल रहे ।साथ ही धनबाद थाना के सब इंस्पेक्टर संतोष रवि के साथ पुलिस बल भी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top