सेवा संकल्प अभियान का समापन, महादेव मंदिर में भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
डीजे न्यूज, गिरिडीह : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए गए भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन शनिवार को गिरिडीह में खिचड़ी प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया। भाजपा नगर कमेटी की ओर से बस स्टैंड परिसर स्थित महादेव मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनय सिंह के सौजन्य से किया गया।
इस अवसर पर विनय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता लगातार जनसेवा और जनकल्याण के कार्यों में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत गिरिडीह जिले में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें आम लोगों की भागीदारी भी उत्साहजनक रही।
भाजपा जिलाध्यक्ष रंजित राय ने कहा कि नगर क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान सफल रहा। राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित 14 कार्यक्रमों को नगर कमेटी ने बेहतर ढंग से पूरा किया। उन्होंने अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि सेवा भाव से किए गए कार्यों का समाज में सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
भाजपा नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा उर्फ सिंकू ने अभियान के दौरान किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और पोषण सखियों को सम्मानित किया गया। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों के बीच फल और टॉफियां बांटी गईं। इसके अलावा रक्तदान शिविर और चिकित्सा शिविर सहित कई जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतिम दिन महादेव मंदिर परिसर में भंडारे के माध्यम से लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री संजीव सिंह उर्फ गुड्डू ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनसेवा के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसी सोच के साथ पार्टी के कार्यकर्ता निरंतर जनहित के कार्यों में लगे रहते हैं।
**ये रहे मौजूद**
कार्यक्रम में दिलीप वर्मा, शालिनी वैषकियार, महादेव दुबे, अजय रंजन सिंह, सुरेश साव, सुनील पासवान, दिनेश यादव, मुकेश जलान, उषा कुमारी, नवीन सिन्हा, वासुदेव चंद्रवंशी, संगीता सेठ, सुरेश मंडल, हरमिंदर सिंह बग्गा, टिंकू सिन्हा, अनिल सिंह, उत्तम पांडे, रवि सागर, कार्तिक डंगाईच, अंजय शर्मा, गुड़िया देवी, आदित्य यादव, लक्ष्मी साव, दीपक उजाला, सुधीर यादव, पूनम सिन्हा, अरविंद चंद्र राय, फैलेन्द्र सिंह, सुनील सिंह, बबलू सिंह, छोटू सिंह और सम्राट कुमार सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।